सूरत में विप्र गौरव भवन का उदघाटन व प्रतिभा सम्मान समारोह सम्पन्न।

Zonal News

This news item is available in Hindi only. हिन्दी में देखें

सूरत 23 जून 2019। विप्र फाउण्डेशन जोन-15 द्वारा सूरत के सारोली में नवनिर्मित विप्र गौरव भवन का शुभ उदघाटन रविवार, 23 जून 2019 को संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष महावीरप्रसाद शर्मा के कर-कमलों से एक भव्य समारोहपूर्वक हुआ। गुजरात विश्वविद्यालय के वीर नर्मद ऑडिटोरियम में सैकड़ों विप्रजनों की उपस्थिति में शर्मा ने डिजिटल माध्यम से उदघाटन किया। महावीरप्रसाद शर्मा ने इसे एक ऐतिहासिक उपलब्धी बताते हुए आशा व्यक्त की कि यह नवसृजन समाज के लिये उपयोगी सिद्ध होगा। उन्होंने विप्र फाउण्डेशन की अन्य योजनाओं का भी विस्तार से उल्लेख किया। इस दिव्य समारोह में ब्राह्मण समाज के 485 व्यक्तित्वों का सम्मान हुआ। इतनी बड़ी संख्या में प्रतिभाओं को उजागर कर उन्हें समारोह में अभिनन्दित करने को एक अभिनन्दनीय कदम बताते हुए कार्यक्रम के मुख्य अतिथि व संस्था के संरक्षक विधायक धर्मनारायण जोशी ने टीम सूरत की भूरी-भूरी प्रशंसा की। श्री जोशी ने कहा कि समाज समय की नजाकत को पहचाने व समरसता की दिशा में अग्रणी भूमिका निभाये। जोशी ने विधायक के रूप में प्राप्त प्रथम धनराशि का एक लाख का चेक गोधाम पथमेड़ा को गोसेवार्थ समर्पित किया। समारोह को घनश्यामदास सेवग, सांवरमल माटोलिया, कल्पेश रावल, श्रीकिशन जोशी, डॉ.सुनील शर्मा, तुलसीभाई राजपुरोहित, मीठालाल जोशी, महेश शर्मा, पूनमचंद शर्मा, प्रकाश राजपुरोहित, कामिनी खंडेलवाल व सुशील ओझा ने सम्बोधित किया। मंच पर विभिन्न सांस्कृतिक ग्रुपों द्वारा मनमोहक नृत्य भी प्रस्तुत किये गये। इस समारोह में सूरत निवासी ब्राह्मण समाज की सभी न्यातों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभायी। शिक्षा, साहित्य, समाज सेवा, खेलकूद, राजनीति, प्रशासनिक सेवा, चिकित्सा, पत्रकारिता, कला, धर्म-अध्यात्म आदि क्षेत्रों की विभूतियों की उपस्थिति ने इस आयोजन को विशिष्टता प्रदान की। भवन के निमित्त सहयोगकर्ताओं को भामाशाह सम्मान से विभूषित किया गया। इस आयोजन ने विप्र फाउण्डेशन को और अधिक ऊंचाई प्रदान की व संस्था ने विप्र समाज के लोगों के हृदय में एक खास स्थान प्राप्त कर लिया।

More from Zonal News